

मंदसौर। देवास जिले के खातेगांव थाने के प्रभारी श्री दिलीप पुरी गोस्वामी की शराब माफिया द्वारा ट्रक से कुचलकर की गई निर्मम हत्या तथा प्रदेश में शराब, रेत एवं खनिज माफियाओं के बढ़ते आतंक और बिगड़ती कानून व्यवस्था के विरोध में मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी मंदसौर द्वारा गांधी चौराहा पर मानव श्रृंखला बनाकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्री महेन्द्र सिंह गुर्जर, विधायक श्री विपिन जैन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान कांग्रेसजनों ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए माफियाओं पर सख्त कार्रवाई और प्रदेश में कानून का राज स्थापित करने की मांग की।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्री महेन्द्र सिंह गुर्जर ने अपने संबोधन में कहा कि देवास जिले के खातेगांव थाना प्रभारी श्री दिलीप पुरी गोस्वामी की शराब माफिया द्वारा ट्रक से कुचलकर की गई हत्या प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। जब प्रदेश में पुलिस अधिकारी ही माफियाओं के हमलों से सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
श्री गुर्जर ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव के पास ही गृह मंत्रालय की जिम्मेदारी है, वहीं उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा आबकारी मंत्री हैं। इसके बावजूद प्रदेश में शराब माफियाओं का आतंक लगातार बढ़ रहा है। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में जहरीली शराब के सेवन से कई लोगों की जान जा चुकी है। मंदसौर जिले के पिपलिया मंडी क्षेत्र में भी जहरीली शराब के सेवन से 14 लोगों की मौत का मामला सामने आ चुका है। इसके बावजूद शराब के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पाया है।
श्री गुर्जर ने कहा कि प्रदेश के बड़े एमडी ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े मामलों में भी मंदसौर जिले के लोगों के नाम सामने आ चुके हैं। शराब माफिया, डोडाचूरा माफिया, एमडी ड्रग्स माफिया, रेत माफिया और भूमाफिया के अवैध कारोबार को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन माफियाओं को भाजपा सरकार में राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है और इनके संबंध सत्ताधारी दल के जनप्रतिनिधियों के आसपास तक दिखाई देते हैं। प्रदेश में माफिया तंत्र पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होना शासन-प्रशासन की जवाबदेही पर सवाल खड़े करता है।


श्री गुर्जर ने कहा कि जब प्रदेश में जहरीली शराब से मौतें हो रही हैं, पुलिस अधिकारी माफियाओं के हमलों का शिकार हो रहे हैं और अवैध कारोबार लगातार फल-फूल रहा है, तब इसकी नैतिक जिम्मेदारी भी सरकार को लेनी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव एवं उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा से इतनी गंभीर घटनाओं की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल अपने पदों से इस्तीफा देने की मांग की।
विधायक श्री विपिन जैन ने कहा कि पूरे प्रदेश में जहरीली शराब की बिक्री की शिकायतें सामने आ रही हैं, जो आम नागरिकों के जीवन और सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने कहा कि जहरीली शराब के अवैध कारोबार पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा इस कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। खातेगांव थाना प्रभारी की हत्या की घटना अत्यंत दुखद और चिंताजनक है। सरकार को पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
कांग्रेसजनों ने एकजुट होकर प्रदेश में शराब, रेत एवं खनिज माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई, अवैध नशे के कारोबार पर रोक, पुलिस एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की।









