*मध्य भारत मीडिया | मंदसौर।* शहर के रेवास देवड़ा रोड स्थित लोटस वैली स्कूल के खेल मैदान में रविवार को 70वीं स्कूल शिक्षा विभाग राज्य स्तरीय शालेय रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हर्षोल्लास और उत्साह के साथ हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेश के 10 संभागों से आए 480 बालक-बालिका खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता 1 से 5 नवंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी। इसमें 11, 14, 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाएं क्वाड्स, इनलाइन और रोड रेस स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे।
*दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ*
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां शारदा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया उपस्थित रहे। विशेष अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा डॉ. विजय पाटीदार, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रमादेवी गुर्जर, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्रीमती नम्रता प्रीतेश चावला, भाजपा मध्य प्रदेश खेल प्रकोष्ठ के सह संयोजक शांतिलाल मालवीय, भाजपा जिला महामंत्री शिवराज सिंह घटावदा, जिला रोलर स्केटिंग एसोसिएशन अध्यक्ष कपिल भंडारी, लोक शिक्षण भोपाल के ऑब्जर्वर भरत सिंह कुमावत, जिला शिक्षा अधिकारी पंकज जाट, समाजसेवी जगदीश चौधरी, लोटस वैली स्कूल के प्राचार्य विकास आचार्य, संचालक इशिका आचार्य एवं प्रतियोगिता संयोजक डॉ. विजय सिंह पुरावत मंचासीन रहे।
*खिलाड़ियों को अतिथियों ने दी शुभकामनाएं*
अतिथियों का प्रतीक चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि यशपाल सिंह सिसोदिया ने अपने उद्बोधन में सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा डॉ. विजय पाटीदार ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रमादेवी गुर्जर, उपाध्यक्ष श्रीमती नम्रता प्रीतेश चावला सहित अन्य अतिथियों ने भी प्रेरणादायी उद्बोधन देते हुए खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।
*सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, खिलाड़ियों ने ली खेल शपथ*
कार्यक्रम में महारानी लक्ष्मीबाई विद्यालय की छात्राओं ने ‘जगन्नाथ जगन्नाथ’ गीत पर आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। मध्य प्रदेश के सभी 10 संभागों से पहुंची टीमों के कप्तानों का अतिथियों ने पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया। सभी खिलाड़ियों को नेशनल खिलाड़ी कृति सेठिया ने खेल भावना और सच्ची निष्ठा के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शपथ दिलाई। लोटस वैली स्कूल के तत्वावधान में मार्च पास्ट आयोजित किया गया। अतिथियों द्वारा मध्य प्रदेश ध्वज का आरोहण भी किया गया।
*480 खिलाड़ी, 60 ऑफिशियल और 25 रेफरी संभालेंगे प्रतियोगिता की जिम्मेदारी*
जिला शिक्षा अधिकारी पंकज जाट ने स्वागत उद्बोधन के साथ प्रतियोगिता का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 10 संभागों से 240 बालक एवं 240 बालिकाएं, कुल 480 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इनके साथ 30 पुरुष एवं 30 महिला ऑफिशियल भी शामिल हैं। प्रतियोगिता के सुचारू संचालन के लिए लोक शिक्षण संचालनालय मध्य प्रदेश भोपाल द्वारा 25 रेफरी एवं फील्ड ऑफिसर नियुक्त किए गए हैं। खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था डाइट परिसर स्थित बालक एवं बालिका छात्रावासों में की गई है।
*जिला प्रशासन एवं स्कूल शिक्षा विभाग आयोजक*
इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन जिला प्रशासन एवं मध्य प्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम में ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राजेश शर्मा, प्राचार्य के.सी. सोलंकी, सुदीप दास, रविंद्र दुबे, शहजाद हुसैन, संजय राजगुरू, दिनेश जैन, प्रीति जैन, भारत सिंह मंगोलिया, अनुराधा त्यागी, रघुवीर मालवीय एवं अर्जुन परिहार सहित अन्य शिक्षाविदों ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य अशोक रत्नावत ने किया तथा आभार प्रदर्शन रघुवीर मालवीय ने माना। उक्त जानकारी प्रचार-प्रसार समिति के संयोजक प्राचार्य शहजाद हुसैन ने दी।
**नरेंद्र धनोतिया, संपादक
मध्य भारत मीडिया**











