हाईवे पर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए JTCL की पहल, कचनारा से मुडली तक अनाधिकृत कट किए बंद

SHARE:

 

मंदसौर। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जावरा–नयागांव टोल रोड कंपनी (JTCL) की इन्सिडेंट मैनेजमेंट टीम (IMT) द्वारा महत्वपूर्ण पहल की गई। टीम ने मंदसौर जिले के अंतर्गत जावरा–नयागांव हाईवे पर ग्राम कचनारा से मुडली तक स्थित अनाधिकृत कटों को जेसीबी मशीन की सहायता से बंद करवाया।

हाईवे पर बने अनाधिकृत कटों के कारण वाहन चालकों द्वारा अचानक मुख्य मार्ग पर प्रवेश एवं निकास करने के साथ ही गलत दिशा में आवागमन किया जाता था। इससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। इसी समस्या को देखते हुए JTCL की IMT टीम ने इन कटों को बंद करने की कार्रवाई की, ताकि हाईवे पर वाहनों का आवागमन अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित हो सके।

कार्रवाई के बाद बंद किए गए अनाधिकृत कटों का प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा निरीक्षण भी किया गया। इस दौरान मंदसौर एसडीएम शुभम पाटीदार, दलौदा नायब तहसीलदार रवि पटेल, मंदसौर पुलिस विभाग के डीएसपी गिरीश जाजुलकर, दलौदा थाना प्रभारी रविंद्र प्रताप दांगी एवं कचनारा चौकी प्रभारी भीम सिंह राठौड़ उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर की गई कार्रवाई का अवलोकन किया। हाईवे पर अनाधिकृत कटों को बंद करने की इस पहल को सड़क सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे गलत दिशा में वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने और संभावित दुर्घटनाओं को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें