कयामपुर / सीतामऊ। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के निर्देशन में शुक्रवार को नवांकुर संस्था नाटाराम प्रगतिशील विकास समिति द्वारा कयामपुर सेक्टर में नवांकुर योजना अंतर्गत प्रस्फुटन समितियों का क्षमतावर्धन प्रशिक्षण (प्रस्फुटन शक्ति संचय अभियान) आयोजित किया गया। सेक्टर कयामपुर की सक्रिय प्रस्फुटन समितियों के साथ प्रशिक्षण आयोजित कर प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
प्रशिक्षण में विकासखंड समन्वयक श्री नारायणसिंह निनामा ने कहा कि ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों को दस्तावेज, बैनर, बोर्ड के साथ अपडेट रहना होगा। शासन और जनता के मध्य मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद सेतु का काम कर रहा है। शासन की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में आप सभी अहम भूमिका निभाएं।
परामर्शदाता हरिओम गंधर्व ने कहा कि शासन की योजनाओं का धरातल पर क्रियान्वयन करने में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के कार्यकर्ता अहम भूमिका निभा रहे हैं। मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के माध्यम से साइबर क्राइम को कैसे नियंत्रित किया जा सकता है, इसके बारे में भी विद्यार्थी प्रयास कर रहे हैं।
इस अवसर पर ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति कयामपुर के अध्यक्ष विनय शर्मा, पवन सेठिया, दिलीप भटनागर, दिलीप कुमार जैन, डॉ. नरेंद्र लक्षकार, अभिषेक सेठिया, रामनारायण विश्वकर्मा, महेश सोनी ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के विद्यार्थी, CM इंटर्न धारणा गंधर्व सहित ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के पदाधिकारी विशेष रूप से उपस्थित थे। प्रशिक्षण के बाद सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम का संचालन दिलीप भटनागर ने किया व आभार विनय शर्मा ने माना।









