
70वीं राज्य स्तरीय स्कूल शिक्षा विभाग रोलर स्केटिंग रोड रेस प्रतियोगिता की मेडल सेरेमनी सम्पन्न
मंदसौर। 70वीं राज्य स्तरीय स्कूल शिक्षा विभाग रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता अंतर्गत 11, 14, 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं की प्रतियोगिता प्रातःकाल सुशासन भवन, कलेक्टर कार्यालय के सामने आयोजित रोड रेस प्रतियोगिता के दौरान मंदसौर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री सुधीर गुप्ता ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने रोड रेस का अवलोकन करते हुए प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं सहित सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि श्री गौरव अग्रवाल, यातायात थाना प्रभारी श्री शैलेन्द्र सिंह चौहान, विकासखंड शिक्षा अधिकारी मंदसौर श्री राजेश शर्मा, विकासखंड शिक्षा अधिकारी मल्हारगढ़ श्री बी.एल. चौहान, श्री राकेश पुरोहित, खेल प्रभारी श्री रघुवीर मालवीय, श्री अर्जुन परिहार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे

रोलर स्केटिंग रोड रेस प्रतियोगिता की मेडल सेरेमनी का आयोजन गरिमामय समारोह में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेवानिवृत जिला न्यायाधीश श्री रघुवीर सिंह चुंडावत, अध्यक्षता जिला पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीणा तथा विशेष अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी श्री पंकज जाट, लोक शिक्षण भोपाल के ऑब्जर्वर एवं संयुक्त संचालक क्रीड़ा उज्जैन श्रीमती सावित्री मालवीय, श्री भरत सिंह कुमावत, जिला क्रीड़ा अधिकारी श्री घीसालाल जोगचंद, रोलर स्केटिंग एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष श्री कपिल भंडारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री राजेश शर्मा, प्रतियोगिता संयोजक एवं प्राचार्य डॉ. विजय सिंह पुरावत तथा चीफ रेफरी श्री आलोक त्रिपाठी के आतिथ्य में मेडल सेरेमनी आयोजित की गई।
मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त जिला न्यायाधीश श्री रघुवीर सिंह चुंडावत ने अपने उद्बोधन में सभी खिलाड़ियों को परिश्रम, लगन, मेहनत एवं निष्ठा के साथ खेल भावना से प्रतियोगिताओं में भाग लेने की प्रेरणा दी। उन्होंने खिलाड़ियों को धनुर्धर अर्जुन की तरह अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखते हुए पूर्ण आत्मविश्वास एवं विनम्रता के साथ राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीणा ने कहा कि खेल हमें हार और जीत दोनों को स्वीकार करना सिखाते हैं। हार से सीख लेकर अगली प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर मिलता है। खेलों से जीवन में अनुशासन, कठिन परिश्रम, भावनाओं पर नियंत्रण एवं एकाग्रता जैसे गुण विकसित होते हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को अपने खेल एवं जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए अपने परिवार, जिले एवं देश का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री पंकज जाट ने सभी अतिथियों का स्वागत किया एवं उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में रोड रेस का ओवरऑल विजेता पुरस्कार एवं ट्रॉफी भोपाल संभाग ने प्राप्त की।
कार्यक्रम का सफल संचालन प्राचार्य श्री अशोक रत्नावत एवं श्री राकेश श्रीवास्तव ने किया तथा आभार प्रदर्शन प्रतियोगिता संयोजक एवं प्राचार्य डॉ. विजय सिंह पुरावत ने माना। उक्त जानकारी संयोजक एवं प्राचार्य शहजाद हुसैन, मुकेश जैन, राजेश प्रजापति, प्रियंका बैरागी द्वारा दी गई।







