भानपुरा में पत्रकार से मारपीट की घटना के बाद गरोठ-भानपुरा क्षेत्र के पत्रकारों और नागरिकों में आक्रोश, जान से मारने की धमकी देने और मोबाइल छीनने के भी आरोप
मंदसौर। जिले के भानपुरा में पत्रकारिता से जुड़े एक गंभीर मामले में पत्रकार प्रदीप जीनगर के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि खबर प्रकाशित करने की बात को लेकर आठ लोगों ने एकराय होकर पत्रकार पर हमला किया। उनके साथ लात-घूंसों और डंडों से मारपीट की गई। घटना के बाद गरोठ और भानपुरा क्षेत्र में पत्रकारों एवं आम नागरिकों में आक्रोश व्याप्त है।
यह है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 14 नवंबर 2026 की दोपहर की है। गरोठ दस्तक से जुड़े पत्रकार एवं भानपुरा निवासी प्रदीप जीनगर (पिता चंद्रेश्वर जीनगर) अपनी ड्यूटी पर थे। इसी दौरान शुभम बम्बोरिया, विकास पहाड़िया, राजेश निम्बोदिया, अंशुल कडवाडिया, अमन भाना, नीरज बम्बोरिया, रोहित भाना और शरद बम्बोरिया पर एकराय होकर उनके साथ मारपीट करने का आरोप है।
फरियादी के अनुसार, आरोपियों ने पत्रकारिता करने और खबर प्रकाशित करने को लेकर अभद्र गाली-गलौज की तथा लात-घूंसों और डंडों से मारपीट की। इतना ही नहीं, जान से मारने की धमकी देने और मोबाइल सहित अन्य सामान छीनने के आरोप भी लगाए गए हैं।
पुलिस ने आठ आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया प्रकरण
घटना के बाद पीड़ित पत्रकार प्रदीप जीनगर ने भानपुरा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 296(बी), 115(2), 351(3), 191(2), 191(3) सहित अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
मामले की जांच उप निरीक्षक विनय बुंदेला एवं जांच अधिकारी तरुणा भारद्वाज द्वारा की जा रही है।
पत्रकारों की सुरक्षा पर फिर खड़े हुए सवाल
खबर प्रकाशित करने को लेकर यदि किसी पत्रकार के साथ मारपीट और धमकी जैसी घटना होती है तो यह केवल एक व्यक्ति पर हमला नहीं, बल्कि पत्रकारिता की स्वतंत्रता और अभिव्यक्ति की आजादी से जुड़ा गंभीर सवाल भी है।
अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में आगे क्या कार्रवाई करती है और पीड़ित पत्रकार को कब तक न्याय मिल पाता है। क्षेत्र के पत्रकारों की मांग है कि आरोपियों के खिलाफ निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई हो तथा भविष्य में पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
मध्य भारत मीडिया की नजर इस मामले पर बनी रहेगी।








