मध्यप्रदेश के खरगोन, खंडवा और बुरहानपुर में शनिवार सुबह 9.15 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। कृषि एवं मौसम विशेषज्ञों ने 4.5 तीव्रता का भूकंप बताया है, जो खंडवा मुख्यालय से 88 किमी दूर खरगोन के धौलकोट कुंडिया में था और जमीन के 10 किलोमीटर गहराई में था। मौसम विशेषज्ञ डा. सौरव गुप्ता ने दो तीन दिन सजग रहने को भी कहा है।
नुकसान के समाचार नहीं
प्रारंभक जानकारी के मुताबिक भूकंप के झटके पांच सेकंड तक महसूस किए गए। कई लोग ऊंची बिल्डिंग पर रहते थे वे घबराकर खुले मैदान में आ गए। सनावद रोड स्थित अविसंस स्कूल में भी कंपन्न होने पर शिक्षकों ने स्कूल आए बच्चों को जल्दी से मैदान में बहुंचा दिया। यही स्थिति भीकनगांव में भी रही। हालांकि पूरे जिले से किसी प्रकार के नुकसान के कोई समाचार नहीं है। प्रशासन की टीम और आपदा प्रबंधन की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
खरगोन के कई इलाकों में दहशत
खरगोन के जेतापुर में भी अफरा-तफरी का माहौल था। तेज भूकंप के झटके के कारण दीवार और बर्तनों के हिलने के बाद लोग घरों से बाहर आ गए। मास्टर कालोनी में भी कुछ लोगों का पूरा घर थर-थर हिलने लगा। कसरावद, झिरनिया, चैनपुर, खलबुजुर्ग, गोगांव आदि क्षेत्र में भी भूकंप के झटके महसूस किए गे। खरगोन एसडीएम सत्येंद्र बैरवा के मुतािक भूकंप की सूचना के बाद भूकंप मापी केंद्र से जानकारी ली गई है। हम लोग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
क्या होता है ऑफ्टर शॉक?
भूकंप के बाद उसी क्षेत्र में या आसपास आने वाले छोटे भूकंप को ऑफ्टर शॉक कहते हैं। इसका कारण जमीन के नीचे टेक्टानिक प्लेटों में हलचल होती है, उनसे ऊर्जा निकलती है। इसके बाद धरती की परतें या फॉल्ट नए सिरे से संतुलन बनाने या आपस में व्यवस्थित होने की कशिश करती है, तब ये झटके उत्पन्न होने से फिर से झटके आते हैं। यह कुछ ही घंटों में दोबारा आ सकते हैं या कुछ दिनों में रिपीट हो सकते हैं।








