# रामपुरा से भानपुरा तक 65 किलोमीटर सड़क को डबल रोड बनाने की मांग, 7 मीटर चौड़ी सीमेंटेड सड़क का प्रस्ताव

SHARE:

 

**दिलीप तिल्लानी ने मुख्यमंत्री से कैबिनेट बैठक में प्रस्ताव शामिल कर उच्चस्तरीय स्वीकृति दिलाने का किया आग्रह, करीब 35 गांवों और महत्वपूर्ण पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों को मिलेगा लाभ**

**मंदसौर।** रामपुरा से भानपुरा तक लगभग 65 किलोमीटर लंबे मार्ग को 7 मीटर चौड़ाई में सीमेंटेड डबल रोड बनाने की मांग उठाई गई है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं जिला दूरसंचार समिति सदस्य दिलीप तिल्लानी ने इस संबंध में प्रदेश के मुख्यमंत्री से विशेष आग्रह करते हुए गांधीसागर में प्रस्तावित कैबिनेट बैठक में इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना को शामिल कर उच्चस्तरीय स्वीकृति दिलाने की मांग की है।

**दिलीप तिल्लानी ने अपने प्रस्ताव में बताया कि रामपुरा से भानपुरा तक का यह लगभग 65 किलोमीटर लंबा मार्ग रियासतकालीन समय से संचालित है। वर्तमान में यह सिंगल डामर रोड है। नीमच से झालावाड़ फोरलेन सड़क स्वीकृत होने के बाद इसके मार्ग में बदलाव किया गया है। रामपुरा से पहले चंबल नदी पर खड़ावदा-गरोठ क्षेत्र में लगभग 3 से 4 किलोमीटर लंबा हाईलेवल ब्रिज बनाकर फोरलेन मार्ग को परिवर्तित किया गया है। इसके चलते रामपुरा से भानपुरा तक के क्षेत्र के अनेक गांव इस महत्वपूर्ण सड़क सुविधा से वंचित रह गए हैं।**

**उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की सुविधा और भविष्य की आवश्यकताओं को देखते हुए रामपुरा से भानपुरा तक लगभग 65 किलोमीटर सड़क को 7 मीटर चौड़ाई में डबल रोड सीमेंटेड बनाया जाना अत्यंत आवश्यक है। इस मार्ग के दोनों ओर गांधीसागर क्षेत्र में लगभग 14-14 किलोमीटर तक सड़क वन विभाग के क्षेत्र में आती है। इसके कारण सड़क को स्वीकृति दिलाने में वन विभाग की अनुमति संबंधी कठिनाइयां सामने आ रही हैं। ऐसे में शासन स्तर पर विशेष पहल कर वन विभाग से आवश्यक स्वीकृति दिलाना जरूरी है।**

### करीब 35 गांवों को मिलेगा सीधा लाभ

**दिलीप तिल्लानी के प्रस्ताव के अनुसार रामपुरा से भानपुरा तक डबल रोड बनने से रामपुरा क्षेत्र के लगभग 16 से 17 गांवों तथा भानपुरा क्षेत्र के लगभग 32 से 35 गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। रामपुरा क्षेत्र के रामपुरा, जमालपुरा, मजीरिया, बारवाड़िया, चन्दपुरा, अमरपुरा, बैंसला, भीमपुरा, खेमला, बस्सी, जुना पानी, बूज, रावलीगुड़ी और चैनपुरिया सहित अनेक गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।**

**इसी प्रकार भानपुरा की ओर गांधीसागर से चतुर्भुज नाथ (अभयारण्य क्षेत्र), राष्ट्रीय रॉक पेंटिंग (भीतिचित्र) क्षेत्र, प्रेमपुरिया, धावद-धामनियां, बड़ोदिया चौकी, बड़ोदिया, नावली, श्रीनगर, कोठड़ी टैंक, तगी, कातना, कैलाशपुरा, पीपल्दा, हमीरगढ़ और कंबला सहित अनेक गांवों को बेहतर सड़क संपर्क का लाभ मिलेगा।**

### पर्यटन, धार्मिक स्थलों और औद्योगिक विकास को मिलेगी गति

**प्रस्ताव में सड़क निर्माण को केवल आवागमन की सुविधा तक सीमित नहीं रखते हुए इसे क्षेत्र के आर्थिक, औद्योगिक और पर्यटन विकास से भी जोड़ा गया है। बताया गया है कि डबल रोड बनने से गांधीसागर में विकसित हो रहे पर्यटन केंद्र, रामपुरा पठार क्षेत्र में चीता प्रोजेक्ट, खेमला पावर प्लांट तथा बस्सी में प्रस्तावित एटमी पावर परियोजना को भी लाभ मिलेगा।**

**इसके अलावा दोनों क्षेत्रों के महत्वपूर्ण धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के विकास को भी नई दिशा मिलेगी। केदारेश्वर, ताखाजी और हिंगलाजगढ़ किला जैसे धार्मिक एवं पर्यटन स्थल बेहतर सड़क सुविधा से जुड़ सकेंगे। वर्तमान में डबल रोड की सुविधा नहीं होने के कारण इन क्षेत्रों का पर्यटन की दृष्टि से अपेक्षित विकास प्रभावित हो रहा है। सड़क निर्माण होने से पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं व्यापार के अवसर भी विकसित हो सकेंगे।**

### मुख्यमंत्री की कैबिनेट बैठक में प्रस्ताव शामिल करने की मांग

**दिलीप तिल्लानी ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि गांधीसागर में होने वाली प्रस्तावित कैबिनेट बैठक में रामपुरा से भानपुरा तक डबल रोड निर्माण की मांग को विशेष रूप से प्रस्तावित किया जाए। साथ ही वन विभाग से आवश्यक अनुमति एवं उच्चस्तरीय स्वीकृति दिलाकर परियोजना को आगे बढ़ाया जाए।**

**उन्होंने मंदसौर-नीमच क्षेत्र के सांसद सुधीर गुप्ता, मनासा विधायक माधव मारू एवं गरोठ विधायक चंद्रसिंह सिसोदिया से भी आग्रह किया है कि वे इस महत्वपूर्ण मांग को प्रस्तावित कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री के समक्ष प्रभावी ढंग से रखें, ताकि क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी आवश्यकता को पूरा किया जा सके।**

**दिलीप तिल्लानी का कहना है कि रामपुरा से भानपुरा तक 7 मीटर चौड़ी सीमेंटेड डबल रोड बनने से दोनों क्षेत्रों के निवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही लगभग 35 गांवों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और पर्यटन, औद्योगिक गतिविधियों तथा क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।**

**अब क्षेत्रवासियों की निगाहें प्रस्तावित कैबिनेट बैठक पर टिकी हैं। देखना होगा कि जनहित से जुड़ी इस महत्वपूर्ण मांग को सरकार कितनी गंभीरता से लेती है और रामपुरा-भानपुरा क्षेत्र को डबल रोड की सौगात कब तक मिलती है।**

**मध्य भारत मीडिया | सच, साहस और समर्पण**

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें