मंदसौर। शिवना नदी को स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा शिवना शुद्धिकरण अभियान लगातार जारी है। शनिवार को अभियान के 148वें दिन श्रमदानियों ने शिवना ब्रिज मुक्तिधाम के समीप छोटी पुलिया के दोनों ओर तथा भगवान पशुपतिनाथ मंदिर के समीप छोटी पुलिया क्षेत्र में श्रमदान कर नदी और घाटों की सफाई की। इस दौरान नदी से करीब 2 ट्रॉली जलकुंभी, प्लास्टिक कचरा, पॉलीथिन, पूजन सामग्री एवं गाद निकालकर बाहर की गई।
श्रमदान के दौरान बड़ी मात्रा में मिला प्लास्टिक कचरा
नदी की सफाई के दौरान श्रमदानियों को पॉलीथिन में भरकर फेंकी गई पूजन सामग्री सहित बड़ी मात्रा में प्लास्टिक कचरा मिला। श्रमदानियों ने इसे नदी से बाहर निकालकर घाटों और नदी किनारे जमा गंदगी की सफाई की। लगातार चल रहे अभियान के माध्यम से शिवना को स्वच्छ बनाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसमें शहर के विभिन्न वर्गों के लोग सहभागिता कर रहे हैं।
गंदे नाले बंद नहीं हुए तो शहरवासियों के साथ अनिश्चितकालीन धरना दूंगा : विपिन जैन
इस अवसर पर विधायक विपिन जैन ने शिवना नदी में लगातार मिल रहे सीवरेज के गंदे पानी को लेकर गहरी नाराजगी जताई। मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने शासन-प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी कि पिछले करीब 18 माह से शिवना नदी को प्रदूषणमुक्त बनाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। हजारों लोग श्रमदान कर चुके हैं और सैकड़ों ट्रॉली कचरा नदी से बाहर निकाला जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद सीवरेज के नाले बार-बार फूटने से गंदा पानी नदी में मिल रहा है।
नदी की सफाई के प्रयासों पर गंदे नाले फेर रहे पानी
विधायक जैन ने कहा कि एक ओर शहरवासी श्रमदान कर शिवना को स्वच्छ बनाने में जुटे हैं, वहीं दूसरी ओर सीवरेज का गंदा पानी नदी में मिलने से स्वच्छता के प्रयास प्रभावित हो रहे हैं। इससे नदी का पानी प्रदूषित हो रहा है और जलीय जीवों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने दो टूक कहा कि यदि शिवना में मिल रहे गंदे नालों को शीघ्र बंद नहीं किया गया तो वे मंदसौर के नागरिकों के साथ अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे।
शिवना की स्वच्छता पूरे शहर की सामूहिक जिम्मेदारी
विधायक विपिन जैन ने कहा कि शिवना की स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति, संस्था या अभियान की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह पूरे शहर की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि नदी में किसी भी प्रकार का कचरा अथवा पूजन सामग्री नहीं डालें। पूजन सामग्री को निर्धारित स्थानों और कलश में ही रखें, ताकि नदी को प्रदूषणमुक्त बनाने के प्रयास सफल हो सकें।
इन श्रमदानियों ने निभाई सहभागिता
शनिवार को अभियान के 148वें दिन विधायक विपिन जैन के साथ समाजसेवी हेमराज खाबिया, राकेश जैन पिंटू, दिनेश चौधरी, संभव जैन, इष्टा भाचावत, अनीता भदोरिया, सुनीता बंडी सहित कांग्रेसजन राजनारायण लाड़, विकास दशोरा, साबिर इलेक्ट्रीशियन, संजय नाहर, रमेश ब्रिजवानी, राहुल तिवारी, गणपत कुमावत, संजय बारोट, अजय सोनी, जयेश पालीवाल, कैलाश कुमावत (अमलावद), राजेश चौधरी, मंगल गवली एवं ऋषिराज लाड़ आदि ने सहभागिता कर श्रमदान किया।








