*मंदसौर।* समाजसेवा को अपना दायित्व मानकर जरूरतमंदों की मदद के लिए लगातार आगे आने वाले मंदसौर के समाजसेवी एवं उद्योगपति प्रदीप गनेड़ीवाल ने एक बार फिर मानव सेवा की मिसाल पेश की है। गनेड़ीवाल ट्रस्ट और रोटरी क्लब के सौजन्य से जिला चिकित्सालय मंदसौर को अत्याधुनिक मैमोग्राफी मशीन और कार्डियक एंबुलेंस की सौगात दी गई। दोनों महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं का लोकार्पण जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में किया गया।
*मैमोग्राफी मशीन शुरू होने से अब जिले की महिलाओं को ब्रेस्ट कैंसर की जांच के लिए बड़े शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। वहीं कार्डियक एंबुलेंस की सुविधा हृदय रोगियों को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण साबित होगी। लंबे समय से जिला अस्पताल में इन सुविधाओं की आवश्यकता महसूस की जा रही थी।*
*लोकार्पण समारोह में राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर, लोकसभा सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक विपिन जैन, पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया, जिला कलेक्टर दिव्यांक सिंह, समाजसेवी एवं उद्योगपति प्रदीप गनेड़ीवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह को लोकसभा सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक विपिन जैन और पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया ने भी संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने इस जनहितैषी पहल की सराहना करते हुए गनेड़ीवाल ट्रस्ट के सेवा कार्यों को प्रेरणादायी बताया।*
### समाजसेवा को चैरिटी नहीं, अपना दायित्व मानता है गनेड़ीवाल परिवार
*समाजसेवी एवं उद्योगपति प्रदीप गनेड़ीवाल ने अपने सेवा कार्यों की सोच साझा करते हुए कहा कि उनके परिवार की हमेशा से यह मान्यता रही है कि तिजोरी में रखा धन तभी सार्थक है, जब उसका उपयोग समाज और जरूरतमंदों के काम आए। सक्षम होने के बाद समाज के लिए योगदान देना कोई चैरिटी नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्व है। इसी भावना के साथ उनका परिवार और ट्रस्ट लगातार सेवा कार्यों में जुटा हुआ है।*
*उन्होंने बताया कि कोविड महामारी के दौरान संकट की घड़ी में उनके ट्रस्ट ने 8 से 9 देशों से ऑक्सीजन कंसंट्रेटर आयात कर मंदसौर में उपलब्ध कराए थे, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर ऑक्सीजन की सुविधा मिल सके। इसके अलावा कोरोना महामारी में अपने पतियों को खो चुकी 80 गरीब महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से ई-रिक्शा प्रदान किए गए। हाल ही में बैसाखियों के सहारे जीवन जी रहे एक दिव्यांग युवक को ई-ट्राइसाइकिल भेंट कर उसे आत्मनिर्भर बनने में सहयोग दिया गया।*
*प्रदीप गनेड़ीवाल ने कहा कि उनका ट्रस्ट किसी जरूरतमंद के मदद मांगने का इंतजार नहीं करता, बल्कि जहां भी जरूरत दिखाई देती है, वहां स्वयं आगे बढ़कर सहायता करने का प्रयास करता है। जिला चिकित्सालय को मैमोग्राफी मशीन और कार्डियक एंबुलेंस उपलब्ध कराना भी इसी सेवा भावना का हिस्सा है।*
### बंशीलाल गुर्जर ने की गनेड़ीवाल ट्रस्ट की पहल की सराहना
*राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि गनेड़ीवाल ट्रस्ट, रोटरी क्लब, अनुयोग हॉस्पिटल और पूज्य गौतम मुनि जी महाराज साहब के सानिध्य एवं सहयोग से जिला अस्पताल में मैमोग्राफी मशीन और कार्डियक एंबुलेंस जैसी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। मंदसौर में लंबे समय से इन जरूरी सुविधाओं का अभाव था। अब गंभीर जांच और उपचार के लिए मरीजों को अन्य शहरों में जाने की परेशानी से राहत मिलेगी। उन्होंने इस पुनीत कार्य के लिए प्रदीप गनेड़ीवाल, रोटरी क्लब और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।*
### सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक विपिन जैन और पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया ने भी किया संबोधित
*लोकार्पण समारोह को लोकसभा सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक विपिन जैन और पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने जिला अस्पताल में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता को जिले के नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण सौगात बताते हुए प्रदीप गनेड़ीवाल एवं उनके ट्रस्ट के सामाजिक सरोकारों और जनसेवा के प्रयासों की सराहना की।*
### कलेक्टर ने बेहतर संचालन के लिए की व्यवस्थाओं की बात
*जिला कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने कहा कि जिला अस्पताल में मैमोग्राफी मशीन की सुविधा शुरू होना जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। महिलाओं के लिए प्रिवेंटिव और डायग्नोस्टिक स्तर पर इसकी लंबे समय से आवश्यकता थी। उन्होंने इस जनहितैषी पहल के लिए गनेड़ीवाल ट्रस्ट और रोटरी क्लब का आभार व्यक्त किया। साथ ही आश्वस्त किया कि इन आधुनिक उपकरणों का लाभ आमजन को लगातार मिलता रहे, इसके लिए प्रशिक्षित तकनीशियनों की तैनाती, उचित रोस्टर व्यवस्था और आवश्यक मानव संसाधन प्रबंधन सुनिश्चित किया जाएगा।*
*प्रदीप गनेड़ीवाल और उनके ट्रस्ट की यह पहल केवल जिला अस्पताल को दो आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज के प्रति जिम्मेदारी और सेवा भावना का भी उदाहरण है। जरूरतमंद महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने से लेकर दिव्यांगों की सहायता और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने तक गनेड़ीवाल परिवार के प्रयास मंदसौर में समाजसेवा की एक प्रेरणादायी मिसाल बन रहे हैं।*












