धार। जल्द ही इंदौर से धार के बीच रेल संपर्क शुरू हो जाएगा। अब अंतिम दौर में सेफ्टी प्वाइंट को लेकर काम किया जा रहा है। इसी क्रम इंदौर दाहोद नई रेल लाइन के अंतर्गत टीही–धार रेलखंड के कमीशनिंग की दिशा में शीघ्रता से काम जारी है।
इसी क्रम में 30 अक्टूबर से 06 नवंबर तक टीही एवं धार के मध्य नवनिर्मित बड़ी रेल लाइन का सिविल, विद्युतीकरण एवं सिग्नलिंग वर्क पूर्ण होने के उपरांत निरीक्षण एवं गति परीक्षण किया जाएगा। इसी अवधि में रेल संरक्षा आयुक्त, पश्चिम परिमंडल, मुंबई द्वारा भी नवीन रेल लाइन का निरीक्षण एवं गति निरीक्षण किया जाएगा। पश्चिम रेलवे, रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, इस दौरान प्रातः 08:00 बजे से रात्रि 09:00 बजे के बीच 130 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से स्पीड ट्रायल भी किया जाएगा। उक्त अवधि में टीही–धार रेलखंड पर निरीक्षण एवं स्पीड ट्रायल के दौरान रेल लाइन पर ट्रेनों का परिचालन तेज गति से किया जा सकता है।
यह हमेशा याद रखें कि ट्रेन जितनी गति से हमारे ओर आती दिखती है वास्तव में वह उससे कई गुना तेज गति से आती है।
पश्चिम रेलवे रतलाम सभी आमजन से अपील करता है कि 30 अक्टूब से 06 नवंबर तक प्रातः 08:00 बजे से रात्रि 09:00 बजे के बीच टीही एवं धार के मध्य रेलवे लाइन के निकट न जाएं न ही अपने पशुओं को जाने दें। रेलवे नियमों एवं सुरक्षा निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।








