मध्य प्रदेश में प्रभारी मंत्रियों के जिलों में बदलाव शुरू हो गया है। इंदौर की जिम्मेदारी अब चैतन्य कश्यप को सौंपी गई है। अटकलें है कि आने वाले समय में मोहन कैबिनेट में विस्तार देखने को मिल सकता है।
मध्य प्रदेश में मंत्रियों के प्रभार का जिला बदलने का सिलसिला शुरू हो गया है। शुरुआत सीएम के प्रभार वाले जिले इंदौर से हुई है। बुधवार को सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश जारी कर कैबिनेट मंत्री चैतन्य कश्यप को इंदौर जिले का प्रभारी मंत्री (Indore Incharge Minister Change) नियुक्त किया है। कश्यप भोपाल के प्रभारी मंत्री हैं। राजगढ़ जिले का अलग से प्रभार भी है। अब इंदौर बड़ा जिला होने के कारण भोपाल और राजगढ़ की जिम्मेदारी दूसरे मंत्री को सौंपी जाएगी।
मंथन के बाद कश्यप के नाम पर बनी सहमति
इंदौर जिले का प्रभार अब तक सीएम डॉ. मोहन यादव खुद संभाल रहे थे। उनकी व्यस्तताओं के कारण यह जिम्मेदारी काश्यप को सौंपी गई। इसे लेकर सत्ता- संगठन ने कई दौर का मंथन किया। चार कैबिनेट मंत्रियों के नाम पर विचार के बाद काश्यप के नाम पर सहमति बनी।
गफलत में थे कैलाश !
इंदौर के प्रभारी मंत्री को लेकर हमेशा से गफलत रही है। यह तब और खुलकर सामने आ गई थी, जब मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने साल 2025 में इंदौर में अफसरों के साथ एक बैठक में सीएम से कहा था कि कई बार अफसर प्रभारी मंत्री का नाम लेकर उन्हें चमकाने का काम करते थे। लेकिन वे हमेशा सीएम को ही इंदौर का असली प्रभारी मंत्री मानते आए हैं। इसके जवाब में सीएम ने कहा था कि जो जिले खाली हैं, उनकी जिम्मेदारी फिलहाल उनके पास है।
कैबिनेट विस्तार की भी अटकलें, शामिल हो सकते है 4 नए चेहरे
बता दें कि, मध्य प्रदेश में मोहन कैबिनेट के विस्तार की चर्चाएं एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश में होने वाला विधानसभा चुनाव इसका सबसे बड़ा फैक्टर है। यह विस्तार नए साल 2027 में हो सकता है। सूत्रों के अनुसार, पुराने मंत्रियों की विधानसभा चुनाव परिणाम से पहले छुट्टी हो सकती है, इनकी जगह 4 नए चेहरे लेंगे। ये नए चेहरे यूपी से सटे मप्र के 14 जिलों की 35 विधानसभाओं में से हो सकते हैं। इनमें दतिया, रीवा, सतना, मुरैना, शिवपुरी, अशोकनगर, सागर, टीकमगढ़, निवाड़ी, छतरपुर, भिंड, पन्ना, सीधी व सिंगरौली जिला शामिल है।
इन वर्गों पर होगा फोकस
खास बात है कि इनमें सवर्ण-ओबीसी वर्ग से ब्राह्मण और यादव चेहरों को मौका दिया जा सकता है। ऐसा इसलिए, क्योंकि यूपी चुनाव में भाजपा, सपा व कांग्रेस जैसे राजनीतिक दल अंदरखाने परिणाम प्रभावित करने वाले फैक्टरों में सवर्ण और ओबीसी वर्ग को प्रभावी मानकर चल रहे हैं।








