तहसीलदार, एसडीओपी और पुलिस की मौजूदगी में कई बार दिलाया कब्जा, लेकिन जवान के बॉर्डर लौटते ही फिर शुरू हो जाती है खेती में बाधा; रजिस्ट्री, नामांतरण और न्यायालयीन आदेश होने के बावजूद निर्मलाबाई न्याय के लिए भटकने को मजबूर
मंदसौर | मध्य भारत मीडिया
देश की सीमाओं पर दुश्मनों से लोहा लेने वाला भारतीय सेना का जवान जब देश की सुरक्षा के लिए सरहद पर तैनात है, तब उसके परिवार की सुरक्षा और सम्मान की जिम्मेदारी किसकी है? क्या देश की रक्षा करने वाले एक फौजी का परिवार अपने ही गांव में अपनी जमीन पर खेती करने के लिए भी सुरक्षित नहीं है? मंदसौर जिले के ग्राम नैनोरा से सामने आया यह मामला प्रशासनिक व्यवस्था और कानून के प्रभावी पालन पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
मामला निर्मलाबाई पति मोहनलाल रेगर का है। उनके पति भारतीय सेना में देश की सीमाओं पर तैनात हैं। पीछे गांव में निर्मलाबाई अपने बच्चों के साथ रहकर खेती और मजदूरी के सहारे परिवार चलाती हैं। लेकिन आरोप है कि जिस जमीन के दस्तावेज उनके नाम हैं, जिस पर न्यायालय से भी आदेश मिल चुका है, उसी जमीन पर उन्हें बार-बार खेती करने से रोका जा रहा है।
प्रशासन की मौजूदगी में मिलता है कब्जा, फौजी के लौटते ही फिर परेशानी!
इस पूरे मामले का सबसे गंभीर पहलू यह है कि पीड़िता के अनुसार कई बार तहसीलदार, एसडीओपी, राजस्व अमला, पटवारी और पुलिस की मौजूदगी में मौके पर कार्रवाई कराकर उन्हें जमीन पर कब्जा दिलाया गया। सीमांकन कराया गया और जेसीबी से खाई तक खुदवाई गई। लेकिन जैसे ही सेना में तैनात उनके पति वापस देश की सीमा पर ड्यूटी के लिए चले जाते हैं, आरोप है कि फिर से खेत पर जाने और खेती करने में बाधाएं खड़ी कर दी जाती हैं।
सवाल यह है कि यदि प्रशासनिक अमले की मौजूदगी में कार्रवाई हो चुकी है, तो फिर ऐसी स्थिति बार-बार क्यों पैदा होती है? क्या प्रशासन की कार्रवाई का कोई स्थायी प्रभाव नहीं रह जाता? आखिर एक सैनिक की पत्नी को हर बार अधिकारियों के दरवाजे पर दस्तक क्यों देनी पड़ रही है?
सरकारी दस्तावेजों में निर्मलाबाई खातेदार, फिर भी अपने खेत में खेती के लिए संघर्ष!
निर्मलाबाई के अनुसार खसरा नंबर 49/4 रकबा 50 आरी, 54/1 रकबा 60 आरी और 57/2 रकबा 13 आरी, कुल 123 आरी यानी लगभग 5 बीघा कृषि भूमि उनके नाम दर्ज है। उनके पास रजिस्ट्री, नामांतरण, पावती और अन्य राजस्व दस्तावेज मौजूद हैं।
मध्यप्रदेश शासन के तहसीलदार कार्यालय से जारी भू-अधिकार एवं ऋण पुस्तिका क्रमांक 687055 में भी निर्मलाबाई पति मोहनलाल रेगर का नाम खातेदार के रूप में दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पीड़िता का यह भी कहना है कि नारायणगढ़ न्यायालय से उनके पक्ष में आदेश पारित हो चुका है।
इसके बावजूद यदि उन्हें अपनी जमीन पर शांतिपूर्वक खेती नहीं करने दी जा रही है, तो यह निश्चित रूप से जांच और प्रशासनिक हस्तक्षेप का विषय है।
राजीनामा भी बेअसर, शिकायतों के बाद भी नहीं मिला स्थायी समाधान!
पीड़िता के मुताबिक 18 नवंबर 2025 को एसडीओपी और थाना प्रभारी की उपस्थिति में दोनों पक्षों के बीच राजीनामा भी कराया गया था। लेकिन इसके बाद भी गाली-गलौज, रास्ता रोकने और खेती में बाधा उत्पन्न करने के आरोप सामने आ रहे हैं।
निर्मलाबाई ने पुलिस अधीक्षक मंदसौर को लिखित शिकायत देकर संबंधित लोगों के विरुद्ध कार्रवाई और बोवनी के दौरान पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका आरोप है कि शिकायत करने और अधिकारियों से गुहार लगाने के बावजूद उन्हें अब तक स्थायी राहत नहीं मिल पाई है।
हर साल दो लाख रुपये का नुकसान, बच्चों के पालन-पोषण पर भी असर
महिला का दावा है कि खेत में समय पर बोवनी नहीं कर पाने के कारण उसे हर साल करीब दो लाख रुपये का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। पति देश की रक्षा में तैनात हैं और इधर उन्हें बच्चों के साथ गांव में अपनी जमीन के अधिकार के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
यह केवल जमीन का विवाद नहीं, बल्कि एक सैनिक के परिवार की सुरक्षा, सम्मान और आजीविका से जुड़ा गंभीर मामला है।
अब प्रशासन से सीधे सवाल!
1. जब राजस्व दस्तावेजों में निर्मलाबाई का नाम दर्ज है, तो विवाद का स्थायी निराकरण क्यों नहीं हो पा रहा?
2. जब तहसीलदार, एसडीओपी और पुलिस की मौजूदगी में कई बार कार्रवाई हो चुकी है, तो फिर बार-बार वही स्थिति क्यों बन रही है?
3. एसपी को शिकायत देने के बाद भी पीड़िता को राहत दिलाने के लिए क्या ठोस कदम उठाए गए?
4. क्या प्रशासन बोवनी के समय महिला को पर्याप्त पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराएगा?
5. क्या जिला प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि देश की सीमा पर तैनात जवान की पत्नी को अपने ही खेत में खेती करने के लिए बार-बार अधिकारियों के चक्कर न लगाने पड़ें?
देश की रक्षा करने वाले फौजी का परिवार अपने ही खेत में सुरक्षित खेती नहीं कर पा रहा, इससे बड़ा सवाल व्यवस्था के सामने और क्या होगा?
सरकार और प्रशासन सैनिकों के सम्मान, शौर्य और बलिदान की बात करते हैं। लेकिन सम्मान केवल समारोहों और मंचों तक सीमित नहीं होना चाहिए। सरहद पर तैनात जवान को यह भरोसा भी होना चाहिए कि उसके पीछे उसका परिवार और उसकी जायज आजीविका सुरक्षित है।
अब देखना यह है कि मंदसौर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग इस मामले में कब संज्ञान लेते हैं और निर्मलाबाई को दस्तावेजों तथा न्यायालयीन आदेशों के अनुरूप शांतिपूर्वक खेती करने का अवसर कब मिलता है।
मध्य भारत मीडिया
सच, साहस और समर्पण








