बालाघाट में घरेलू विवाद के बीच एक महिला ने पति पर खौलता तेल उड़ेल दिया। इस घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं इस वारदात के बाद से महिला फरार चल रही है।
मध्यप्रदेश के बालाघाट कोतवाली थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बालाघाट के कोतवाली थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 33 गायखुरी में पारिवारिक विवाद के चलते एक महिला ने अपने पति पर खौलता हुआ तेल डाल दिया, जिसमें युवक बुरी तरह झुलस गया।घटना 17 नवंबर की देर शाम बताई जा रही है, जहां खाना बनाते वक्त आपसी विवाद में महिला ने खौलता हुआ तेल पति के ऊपर उड़ेल दिया। गर्म तेल से पति का चेहरा, कान के पास का हिस्सा और गला बुरी तरह झुलस गया। घायल व्यक्ति डालीराम पिता शिवराम बोपचे 51 वर्ष को उपचार के लिए जिला अस्पताल बालाघाट में भर्ती कराया गया है।
7 महीने पति से अलग रही महिला
जानकारी के मुताबिक गायखुरी निवासी डालीराम बोपचे, मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। परिवार में पत्नी श्यामकला और 14 वर्षीय बेटी है। बेटी वर्तमान में अपनी बुआ के घर रहकर पढ़ाई कर रही है। बताया जाता है कि पति और पत्नी में काफी दिनों से घरेलू विवाद चल रहा था। घरेलू विवाद के चलते पत्नी श्यामकला कुछ महीने पहले घर छोड़कर चली गई थी। करीब सात माह तक अलग रहने के बाद सितंबर माह में वह वापस घर पति के पास आ गई थी, लेकिन यहां भी उनके बीच सबकुछ ठीक नहीं था। हाल ही में दीपावली में 14 वर्षीय बेटी के घर लौटने पर पति और पत्नी एकसाथ रहने लगे थे।
महिला ने पति के मुंह पर उड़ेला खौलता तेल
पीड़ित डालीराम बोपचे ने बताया कि घटना दिनांक 17 नवंबर की देर शाम मजदूरी कर घर आया। फ्रेश होने के बाद पलंग पर लेटे हुए डालीराम मोबाईल देख रहा था। इस बीच पत्नी श्यामकला रसोई में खाना बना रही थी। इसी बीच दोने के बीच कुछ कहासुनी हो गई और श्यामकला ने खौलता हुआ तेल डालीराम के ऊपर उड़ेल दिया और मौके से फरार हो गई। गर्म तेल गिरने से डालीराम का चेहरा, कान के पास का हिस्सा और गला झुलस गया। जिसके बाद पड़ोसियों ने पहुंचकर 108 एंबुलेंस को बुलाकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उपचार जारी है।
आरोपी महिला की तलाश में जुटी पुलिस
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई और डालीराम का बयान दर्ज किया। आगे की कार्रवाई के लिए मामले को कोतवाली थाना बालाघाट भेजा गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है और फरार महिला श्यामकला की तलाश कर रही है। अब आगे जाकर ही साफ हो सकेगा कि आखिर घरेलू विवाद का क्या कारण था और महिला ने पति के ऊपर खौलता तेल क्यों डाला।








