गनेडीवाल चेरिटेबल ट्रस्ट द्वारा दान दी गई कार्डियक एंबुलेंस से भी लूट खसोट कर रहा अनुयोग हॉस्पिटल!
मंदसौर से अहमदाबाद कार्डियक एम्बुलेंस का किराया अन्य एंबुलेंस की तुलना में दोगुना वसूला जा रहा
मन्दसौर। मरीजों के साथ निजी हॉस्पिटल किस तरह लूट खसोट पर उतारू है इसकी एक बानगी हम आपको पहले भी बता चुके है।
मंदसौर के नई आबादी स्थित अनुयोग हॉस्पिटल ने इन दोनों मरीज को न केवल भर्ती और डिस्चार्ज के नाम पर बल्कि सामाजिक संस्थाओं से मिले डोनेशन की वस्तुओं में भी कमाई का जरिया बना लिया है।
अनुयोग हॉस्पिटल जिले का एकमात्र ऐसा हॉस्पिटल है जिसे या जिसकी सहयोगी संस्था श्री जैन दिवाकर गुरु गौतम मुनि सेवा संस्थान को दानदाता दान के माध्यम से कार्डियक एम्बुलेंस और डायलिसिस मशीनों जैसी बड़ी मशीनरी दान कर रहे हैं। इस धन के पीछे दानदाताओं और दान लेने वाली संस्थाओं का क्या उद्देश्य है यह तो भविष्य के गर्भ में है किंतु जिस हॉस्पिटल के माध्यम से इनका संचालन किया जा रहा है वह मरीज के साथ लूट खसोट का कोई मौका नहीं छोड़ रहा है।
डॉ योगेंद्र कोठारी द्वारा संचालित अनुयोग हॉस्पिटल में पिछले दिनों समाजसेवी प्रदीप गनेड़ीवाल ने सेठ रणछोड़ प्रसाद गनेड़ीवाल ट्रस्ट कार्डियक एम्बुलेंस दान दी थी। यह दान श्री जैन दिवाकर गुरु गौतम मुनि सेवा संस्थान को दिया गया था किंतु संचालन अनुयोग हॉस्पिटल के हाथ में है।
इस दान के पीछे प्रदीप गनेड़ीवाल का मकसद मरीजों को न्यूनतम शुल्क में सेवा उपलब्ध कराने का था किंतु अनुयोग अस्पताल ने दान की हुई वस्तु को कमाई का जरिया बना लिया।
हमारे संवाददाता ने अनुयोग हॉस्पिटल के एंबुलेंस चालक भेरुलाल परिहार से जब कार्डियक एम्बुलेंस को अहमदाबाद ले जाने के संबंध में चर्चा की तो उन्होंने बताया कि कार्डियक एम्बुलेंस का चार्ज₹25000 हैं, जब ट्रस्ट की एंबुलेंस का चार्ज पूछा तो उसका भी₹25000 ही बताया और इसमें 5000 स्टाफ का चार्ज अलग से बताया। जब एम्बुलेंस दान की है चलने वाली संस्था श्री जैन दिवाकर गुरु गौतम मुनि सेवा संस्थान सामाजिक कार्यों को बढ़ावा देने का दावा कर रहा है तो फिर यह ₹25000 यानी कार्डियो के एंबुलेंस का शुल्क किसकी जेब में जा रहा है यह दानदाताओं को भी विचार करने का विषय है।
इसके अलावा जब हमने अन्य कार्डियक एम्बुलेंस संचालकों से चर्चा की तो उन्होंने मंदसौर से अहमदाबाद का किराया मात्र 14 से 15000 रुपए स्टाफ सहित बताया। मतलब स्पष्ट है की अनुयोग हॉस्पिटल और उसकी सहयोगी सामाजिक संस्था जिसे दान में एंबुलेंस मिली है वह मरीज से दोगुना राशि वसूल कर रही है जो की दानदाता द्वारा दी गई दान की वस्तुओं का दुरुपयोग है।
दानदाताओं को मंथन की आवश्यकता
श्री जैन दिवाकर गुरु गौतम मुनि सेवा संस्थान को दान देने वाले दानदाता प्रदीप गनेड़ीवाल सहित अन्य लोगों को इस विषय पर विचार करने की आवश्यकता है कि उनके द्वारा जनहित में दान दी गई वस्तुओं का सही उपयोग हो रहा है या फिर नहीं क्योंकि इनके द्वारा जिन संस्थाओं को दान दिया जा रहा है उनके द्वारा उनकी दान वस्तु से कमाई का जरिया बना लिया गया है। इस प्रकार के कार्यक्रम में सम्मिलित होने वाले जनप्रतिनिधियों को भी ऐसे दान की निगरानी करते रहना चाहिए और जरूरतमंद मरीजों को उनकी सुविधाओं का लाभ दिलवाने का प्रयत्न करना चाहिए।









