एमडी ड्रग्स और 8 किलो डोडाचूरा के साथ गुजरात के दो आरोपी गिरफ्तार, नशे की सप्लाई के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
मंदसौर, 27 अक्टूबर। मंदसौर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गुजरात के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 100 ग्राम एमडी ड्रग्स, 8 किलोग्राम डोडाचूरा, तस्करी में इस्तेमाल की जा रही काले रंग की क्रेटा कार और एक आईफोन सहित कुल 17 लाख 66 हजार रुपये का मश्रुका जब्त किया है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर पकड़ी क्रेटा कार
पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 की शाम को शहर कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति क्रेटा कार में अवैध मादक पदार्थ एमडी ड्रग्स और डोडाचूरा लेकर मंदसौर से तस्करी करने आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने वैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए अभिनंदन नगर स्थित हर्ष इको सिटी कॉलोनी के पास नाकाबंदी की।
इस दौरान मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार काले रंग की क्रेटा कार को रोककर तलाशी ली गई। कार में छिपाकर रखा गया 100 ग्राम एमडी ड्रग्स और 8 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गुजरात के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहसिन पिता बाबुभाई मंसुरी, उम्र 32 वर्ष, निवासी गांधीनगर, गुजरात, हाल मुकाम अहमदाबाद तथा रोहान उर्फ रिहान पिता युनुस भाई शेख, उम्र 22 वर्ष, निवासी अहमदाबाद, गुजरात के रूप में हुई है।
17.66 लाख रुपये का मश्रुका जब्त
पुलिस द्वारा जब्त सामग्री का विवरण इस प्रकार है:
– 100 ग्राम एमडी ड्रग्स: कीमत 10 लाख रुपये
– 8 किलोग्राम डोडाचूरा: कीमत 16 हजार रुपये
– काले रंग की क्रेटा कार: कीमत 7 लाख रुपये
– एप्पल आईफोन: कीमत 50 हजार रुपये
पुलिस के अनुसार, जब्त मश्रुके की कुल कीमत 17 लाख 66 हजार रुपये है।
तस्करी के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी पुलिस
मामले में थाना कोतवाली मंदसौर पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18, 22 एवं 29 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। आगे की जांच में मादक पदार्थ कहां से लाए गए थे और इन्हें कहां सप्लाई किया जाना था, इसकी जानकारी जुटाई जाएगी। पुलिस के अनुसार, आरोपियों का पुलिस रिमांड प्राप्त कर तस्करी के नेटवर्क और अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में पूछताछ की जाएगी।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मंदसौर श्री विनोद कुमार मीना के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री टी.एस. सिंह बघेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र सिंह भास्कर के निर्देशन तथा थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक श्री पुष्पेन्द्र सिंह राठौर के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में थाना शहर कोतवाली पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
मध्य भारत मीडिया | सच, साहस और समर्पण










