अफीम नीति में देरी से किसानों में आक्रोश, जिला अफीम अधिकारी कार्यालय का किया घेराव

SHARE:

मंदसौर। वर्ष 2026-27 की अफीम नीति घोषित करने में हो रही देरी को लेकर किसानों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को मंदसौर में बड़ी संख्या में किसानों ने किसान नेता श्यामलाल जोकचंद के नेतृत्व में प्रदर्शन करते हुए जिला अफीम अधिकारी के कार्यालय का घेराव किया। किसानों ने जल्द से जल्द अफीम नीति घोषित करने की मांग उठाई और अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर राष्ट्रपति के नाम जिला अफीम अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन में शामिल किसान सरदार पटेल चौराहे पर एकत्रित हुए और वहां से नारेबाजी करते हुए जिला अफीम अधिकारी के कार्यालय पहुंचे। किसानों का कहना है कि अफीम नीति घोषित होने में देरी से आगामी फसल की तैयारी प्रभावित हो रही है। यदि समय रहते नीति जारी नहीं की गई तो किसानों को अफीम की फसल में नुकसान उठाना पड़ सकता है।

सभी पट्टाधारी किसानों को 10 आरी के पट्टे देने की मांग

किसानों ने मांग की कि सभी अफीम पट्टाधारी किसानों को 10 आरी का अफीम पट्टा दिया जाए। इसके साथ ही पूर्व में कट चुके अफीम पट्टों को बहाल करने की मांग भी उठाई गई। किसानों ने कहा कि अफीम नीति को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने से किसान असमंजस में हैं और उन्हें समय पर फसल की तैयारी करने में परेशानी हो रही है।

5 दिन का अल्टीमेटम, 28 अक्टूबर को बड़े आंदोलन की चेतावनी

किसानों ने अपनी मांगों के निराकरण और अफीम नीति जल्द घोषित करने के लिए पांच दिन का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो 28 अक्टूबर को बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

अफीम नीति में देरी को लेकर किसानों की बढ़ती नाराजगी के बीच अब केंद्र सरकार और संबंधित विभाग के अगले कदम पर नजरें टिकी हैं। किसानों को उम्मीद है कि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय लेकर आगामी फसल के संबंध में स्थिति स्पष्ट की जाएगी।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें