सत्ता जाने का डर या संगठन की जमीनी हकीकत? शिवप्रकाश की चेतावनी ने बढ़ाई सियासी हलचल!
“सरकार है तो सबकुछ है, शासन गया तो खाली हाथ रह जाएंगे” – राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री का यह बयान क्या भाजपा के भीतर सत्ता को लेकर बढ़ती चिंता का संकेत है?
भोपाल। मध्यप्रदेश भाजपा में चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की सक्रियता बढ़ाने के लिए संगठन ने अब सख्त संदेश देना शुरू कर दिया है। गुरुवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश का बयान राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि “सरकार है तो सबकुछ है, शासन गया तो खाली हाथ रह जाएंगे।”
शिवप्रकाश के इस बयान को महज कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की सामान्य नसीहत मानकर नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। राजनीतिक परिस्थितियों में इस तरह की स्पष्ट और सख्त चेतावनी कई सवाल खड़े करती है। क्या संगठन को सत्ता और संगठन के बीच बढ़ती दूरी का अहसास हो रहा है? क्या सरकार के प्रति जनता की अपेक्षाओं और जमीनी कार्यकर्ताओं की सक्रियता के बीच कोई बड़ा अंतर दिखाई दे रहा है? या फिर भाजपा नेतृत्व को आने वाले चुनाव की चुनौती अभी से महसूस होने लगी है?
योजनाओं का प्रचार काफी नहीं, जनता की नाराजगी भी समझनी होगी!
बैठक में शिवप्रकाश ने मोर्चा और प्रकोष्ठों को केवल सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने तक सीमित नहीं रहने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि समाज के बीच जाकर उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को समझना होगा तथा उन सुझावों को सरकार तक पहुंचाना होगा।
यह संदेश अपने आप में महत्वपूर्ण है। क्योंकि सरकार की योजनाओं का प्रचार करना एक बात है और जनता की वास्तविक समस्याओं को समझकर उनका समाधान करवाना दूसरी बात। संगठन को यदि अब इस अंतर को दूर करने की जरूरत महसूस हो रही है तो यह जमीनी स्तर पर आत्ममंथन का विषय भी है।
हारी हुई सीटों पर फोकस, चुनावी तैयारी का अलार्म!
शिवप्रकाश ने स्पष्ट किया कि चुनाव में अब ज्यादा समय नहीं बचा है। पिछली बार जिन सीटों पर भाजपा को हार का सामना करना पड़ा था, वहां विशेष ध्यान देने की जरूरत है। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर भी मौजूद रहे। संगठन विस्तार, कार्यक्रमों की गुणवत्ता और कार्यकर्ताओं की सक्रियता को लेकर चर्चा हुई।
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने भी कार्यकर्ताओं से समाज के बीच पहुंचने, लोगों की समस्याएं समझने और पात्र हितग्राहियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करने की अपील की।
सबसे बड़ा सवाल – क्या भाजपा को सत्ता खिसकने का खतरा महसूस हो रहा है?
शिवप्रकाश का यह बयान भाजपा संगठन के लिए एक चेतावनी और आत्ममंथन का अवसर दोनों है। सत्ता में रहते हुए संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनता से सीधा संवाद बनाए रखना किसी भी राजनीतिक दल के लिए जरूरी होता है। लेकिन जब शीर्ष स्तर से यह कहना पड़े कि सत्ता गई तो सबकुछ खाली हाथ रह जाएगा, तब इस संदेश के राजनीतिक मायने तलाशना स्वाभाविक है।
राजनीति में सत्ता स्थायी नहीं होती। जनता का विश्वास ही किसी सरकार और संगठन की असली ताकत होता है। यदि भाजपा नेतृत्व को चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं को इस तरह चेताना पड़ रहा है तो इसे केवल संगठनात्मक कवायद नहीं, बल्कि आने वाले चुनाव के लिए खतरे की घंटी के रूप में भी देखा जा सकता है।
अब देखना यह होगा कि यह चेतावनी केवल बैठकों और भाषणों तक सीमित रहती है या भाजपा का संगठन वास्तव में जनता के बीच जाकर अपनी कमजोरियों को दूर करने का प्रयास करता है।
नरेंद्र धनोतिया, संपादक
मध्य भारत मीडिया








