तक्षकेश्वर धाम बन सकता है गांधीसागर अंचल का प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्र

SHARE:

गांधीसागर बांध और आधुनिक पर्यटन केंद्रों के अस्तित्व में आने से सदियों पहले से मेवाड़, मालवा और हाड़ौती अंचल के संगम स्थल पर स्थित तक्षकेश्वर धाम लोक आस्था, धार्मिक श्रद्धा और प्राकृतिक संपदा का अनुपम केंद्र रहा है। पौराणिक मान्यताओं, ऐतिहासिक विरासत, दुर्लभ औषधीय वनस्पतियों, घने वनांचल और मालवा के विशालतम प्राकृतिक जलप्रपातों में शुमार इस स्थल की अपनी विशिष्ट पहचान है। नागराज तक्षक की भव्य प्रतिमा और महाभारत एवं भागवत पुराण से जुड़ी कथाएं इस तीर्थ की धार्मिक महत्ता को और भी विशिष्ट बनाती हैं।
तक्षकेश्वर धाम केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि इतिहास, अध्यात्म, पर्यावरण, आयुर्वेद और पर्यटन की अपार संभावनाओं को अपने भीतर समेटे हुए है। आवश्यकता है तो बस एक दूरदर्शी कार्ययोजना, बेहतर प्रबंधन और शासन-प्रशासन की इच्छाशक्ति की।
इस पौराणिक तीर्थ के विकास और पर्यटन के मानचित्र पर इसकी संभावनाओं को लेकर इस प्रतिनिधि द्वारा पुराविद् डॉ. प्रद्युम्न भट्ट से विशेष बातचीत की गई। चर्चा के दौरान डॉ. भट्ट ने कहा कि जिस अंचल में तक्षकेश्वर जैसा अद्भुत तीर्थ मौजूद हो और उसके धार्मिक एवं पर्यटन विकास की चर्चा न हो, वहां मालवांचल की गौरवगाथा और पर्यटन विकास की परिकल्पना अधूरी रह जाती है।
40 वर्षों की साधना और अध्ययन में समझी तक्षकेश्वर की महत्ता
डॉ. भट्ट बताते हैं कि वे पिछले लगभग 40 वर्षों से इस पवित्र स्थल को आस्था और भक्तिभाव के साथ नमन करते आ रहे हैं। उनके अनुसार तक्षकेश्वर जैसा चमत्कारिक, विलक्षण और प्राकृतिक संपदा से परिपूर्ण स्थल संपूर्ण मालवा, मेवाड़ और हाड़ौती क्षेत्र में मिलना दुर्लभ है।
गांधीसागर हिंगलाज रिसोर्ट से नावली होकर लगभग 15 किलोमीटर वनांचल के रास्ते तक्षकेश्वर पहुंचा जा सकता है, वहीं भानपुरा से गांधीसागर मार्ग पर इसकी दूरी लगभग 22 किलोमीटर है। अब यह स्थल सीसी रोड से भी जुड़ चुका है, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए यहां पहुंचना पहले की अपेक्षा सुगम हुआ है।
1802 के ऐतिहासिक साक्ष्य आज भी सुनाते हैं गौरवगाथा
तक्षकेश्वर क्षेत्र का इतिहास भी कम रोचक नहीं है। लगभग 1802 के आसपास होल्कर शासक यशवंतराव द्वारा यहां तोप ढालने का कारखाना स्थापित किए जाने के ऐतिहासिक प्रमाणों से जुड़ी धातुमेल (स्लैग) के अवशेष आज भी यहां देखे जा सकते हैं। ये अवशेष उस दौर की औद्योगिक और सामरिक गतिविधियों की याद दिलाते हैं।
इतिहास प्रेमियों के लिए यह स्थल विशेष आकर्षण रखता है। वहीं परमारकालीन नागराज तक्षक की प्रतिमा यहां की प्राचीन मूर्तिकला और धार्मिक विरासत का महत्वपूर्ण उदाहरण है।
वन संपदा और दुर्लभ औषधीय वनस्पतियों का अनमोल खजाना
डॉ. भट्ट के अनुसार तक्षकेश्वर का वनांचल प्राकृतिक संपदा से समृद्ध है। यहां सरकंडा, भंगरा, कुशा, नागरमोथा, तेंदूपत्ता, पलाश, अर्जुन, घास, बांस, शहद, लाख और अनेक औषधीय वनस्पतियां उपलब्ध हैं।
विशेष बात यह है कि यहां फर्न की वे तीनों प्रजातियां भी पाई जाती हैं, जो पचमढ़ी जैसे प्राकृतिक क्षेत्रों में मिलती हैं।
डॉ. भट्ट का अनुमान है कि यदि वैज्ञानिक पद्धति से वन संपदा का संरक्षण करते हुए शहद उत्पादन एवं विपणन की समुचित व्यवस्था की जाए तो प्रतिवर्ष लगभग 150 टन शहद प्राप्त करने की संभावनाएं विकसित की जा सकती हैं। इससे सैकड़ों परिवारों को रोजगार मिल सकता है।
यहां उपलब्ध औषधीय वनस्पतियों का महत्व इतना अधिक है कि भरतपुर तक से कालबेलिया समुदाय के लोग सर्पदंश से संबंधित पारंपरिक औषधियों के लिए जड़ी-बूटियों की खोज में यहां आते रहे हैं।
प्राचीन लोकमान्यता के अनुसार दीपावली की रात समस्त औषधियां अपनी विशेषताओं का स्वयं परिचय देती हैं। यह कहावत इस क्षेत्र की औषधीय संपदा और पारंपरिक ज्ञान के प्रति लोगों की गहरी आस्था को दर्शाती है।भगवान धन्वंतरि की प्राचीन प्रतिमा और मोक्षस्थली की मान्यता
तक्षकेश्वर धाम का एक अन्य महत्वपूर्ण पक्ष भगवान धन्वंतरि से जुड़ा है। डॉ. भट्ट के अनुसार यहां वैद्यों के आराध्य भगवान धन्वंतरि की मालवा क्षेत्र की अत्यंत प्राचीन प्रतिमा पूजित है। धार्मिक मान्यताओं में इस स्थल को भगवान धन्वंतरि की मोक्षस्थली के रूप में भी विशेष स्थान प्राप्त है।
भगवान धन्वंतरि, नागराज तक्षक और भगवान आशुतोष शिव की उपासना से जुड़ा यह क्षेत्र आध्यात्मिक चेतना के साथ आयुर्वेदिक परंपरा का भी महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। यही कारण है कि यहां धार्मिक श्रद्धालुओं के साथ औषधीय वनस्पतियों के जानकार, वैद्य और प्रकृति प्रेमी भी पहुंचते हैं।
सोमवती अमावस्या पर उमड़ती है श्रद्धालुओं की आस्था
तक्षकेश्वर धाम में सोमवती अमावस्या के अवसर पर हजारों श्रद्धालु भगवान आशुतोष शिव, नागराज तक्षक और भगवान धन्वंतरि के दर्शन एवं पूजन के लिए पहुंचते हैं।
यह स्थल दिव्य संतों की तपोस्थली के रूप में भी लोकमान्यता रखता है। यहां का प्राकृतिक वातावरण, जलकुंड, वनांचल और धार्मिक वातावरण श्रद्धालुओं को अद्भुत आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करता है।
पर्यावरण प्रेमियों के लिए यह क्षेत्र किसी प्राकृतिक स्वर्ग से कम नहीं है, वहीं इतिहास और मूर्तिकला में रुचि रखने वाले पर्यटक परमारकालीन नागराज तक्षक की प्रतिमा के दर्शन कर यहां की प्राचीन विरासत से परिचित होते हैं।
कर्नल जेम्स टॉड ने भी किया था इस पवित्र स्थल का वर्णन
तक्षकेश्वर धाम की ऐतिहासिक महत्ता का उल्लेख अंग्रेज इतिहासकार कर्नल जेम्स टॉड के यात्रा-वृत्तांत में भी मिलता है। बताया जाता है कि 5 दिसंबर 1821 को मेवाड़ के पॉलिटिकल एजेंट कर्नल जेम्स टॉड ने इस स्थल का अवलोकन किया था।
उन्होंने अपनी प्रसिद्ध पुस्तक Annals and Antiquities of Rajasthan में इस स्थान का मनोहारी वर्णन करते हुए यहां के जलकुंड को अत्यंत पवित्र एवं अगाध गहराई वाला बताया था।
यह उल्लेख इस बात का प्रमाण है कि तक्षकेश्वर धाम की ख्याति केवल स्थानीय धार्मिक मान्यताओं तक सीमित नहीं रही, बल्कि ऐतिहासिक यात्रियों और लेखकों का ध्यान भी इस स्थल ने आकर्षित किया था।
छोटी-सी कार्ययोजना बदल सकती है तक्षकेश्वर की तस्वीर
डॉ. प्रद्युम्न भट्ट का मानना है कि तक्षकेश्वर धाम के विकास के लिए किसी अत्यधिक खर्चीली योजना की आवश्यकता नहीं है। जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में एक विशेष समिति गठित कर सुनियोजित तरीके से यहां मूलभूत सुविधाएं विकसित की जा सकती हैं।
इसके लिए प्रमुख रूप से निम्न कार्य किए जाने चाहिए—
तक्षकेश्वर धाम के धार्मिक एवं प्राकृतिक महत्व को ध्यान में रखते हुए विशेष विकास समिति का गठन।
वनांचल में अनावश्यक पर्यावरण विनाश पर रोक तथा प्राकृतिक संपदा का संरक्षण।
श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ पेयजल एवं जलपान स्टॉल की व्यवस्था।
मंदिर परिसर में धार्मिक और पौराणिक महत्व की जानकारी देने वाले आकर्षक होर्डिंग लगाना।
जलकुंड के आसपास श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मजबूत रेलिंग का निर्माण।
प्राचीन प्रतिमाओं एवं ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण की व्यवस्था।
पर्याप्त पार्किंग और अन्य बुनियादी पर्यटक सुविधाओं का विकास।
वन संपदा, शहद उत्पादन एवं औषधीय वनस्पतियों के वैज्ञानिक संरक्षण और विपणन की योजना।
स्थानीय युवाओं और ग्रामीण परिवारों को पर्यटन एवं वन आधारित रोजगार से जोड़ना।
मुख्यमंत्री के संकल्प से गांधीसागर पर्यटन को मिल सकती है नई पहचान
आज जब देशभर में धार्मिक पर्यटन रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था का बड़ा माध्यम बन रहा है, तब सवाल उठना स्वाभाविक है कि तक्षकेश्वर जैसा ऐतिहासिक, धार्मिक और प्राकृतिक महत्व वाला तीर्थ विकास की मुख्यधारा से अब तक अपेक्षित रूप से क्यों नहीं जुड़ पाया?
डॉ. भट्ट का मानना है कि यदि मध्यप्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस तीर्थ की विकास कार्ययोजना को अपना मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान करें तो गांधीसागर-भानपुरा अंचल का यह लोक आस्था का महातीर्थ पर्यटन के राष्ट्रीय मानचित्र पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर सकता है।
तक्षकेश्वर धाम का सुनियोजित विकास न केवल धार्मिक पर्यटन को नई ऊंचाइयां देगा, बल्कि स्थानीय युवाओं, ग्रामीण परिवारों, वन आधारित रोजगार और छोटे व्यवसायों के लिए भी नए अवसर पैदा करेगा।
तक्षकेश्वर धाम को केवल एक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि इसकी पौराणिक पहचान, धार्मिक महात्म्य, प्राचीन प्रतिमाओं और प्राकृतिक विरासत को अक्षुण्ण रखते हुए विकास करना ही वास्तविक उद्देश्य होना चाहिए।
गांधीसागर की पहचान बांध, जल पर्यटन और प्राकृतिक सौंदर्य से है, लेकिन तक्षकेश्वर धाम इस अंचल को धार्मिक, ऐतिहासिक और आध्यात्मिक पर्यटन का ऐसा गौरव प्रदान कर सकता है, जिसकी संभावनाएं आज भी विकास की प्रतीक्षा कर रही हैं।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

एएसपी समेत छह को सस्पेंड किया गया सीएम मोहन यादव ने एक्स पर लिखा है कि पुलिस की वर्दी में अनुशासनहीनता और कदाचार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। पुलिस बल में अनुशासन, जवाबदेही और कर्तव्यनिष्ठा सर्वोपरि है। सिवनी के वायरल वीडियो प्रकरण में प्रथम दृष्टया संदिग्ध आचरण दिख रहा है। इसके बाद एएसपी, एडीओपी सहित छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जा रहा है। साथ ही प्रकरण की निष्पक्ष और विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।

Horoscope

Weather

और पढ़ें

एएसपी समेत छह को सस्पेंड किया गया सीएम मोहन यादव ने एक्स पर लिखा है कि पुलिस की वर्दी में अनुशासनहीनता और कदाचार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। पुलिस बल में अनुशासन, जवाबदेही और कर्तव्यनिष्ठा सर्वोपरि है। सिवनी के वायरल वीडियो प्रकरण में प्रथम दृष्टया संदिग्ध आचरण दिख रहा है। इसके बाद एएसपी, एडीओपी सहित छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जा रहा है। साथ ही प्रकरण की निष्पक्ष और विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।

राज्य

शहर चुनें