दलौदा (शुभम धोका)
नगर की कृषि उपज मंडी में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से बुधवार को व्यापारियों का आक्रोश फूट पड़ा। रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही का आरोप लगाते हुए व्यापारियों ने मंडी की नीलामी बंद कर दी और मंडी सचिव के सामने नाराजगी जताई। व्यापारियों का कहना था कि एक माह में चोरी और चोरी के प्रयास की चार घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद मंडी परिसर की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। जो सुरक्षा गार्ड से रखे हुए हैं वह भी शराब पीकर आते हैं।
व्यापारी संघ अध्यक्ष बलदेव पाटीदार ने बताया कि मंडी में रात्रि सुरक्षा के नाम पर मात्र तीन गार्ड नियुक्त हैं। इनमें से एक मुख्य गेट पर तैनात रहता है, जबकि शेष दो के भरोसे पूरा मंडी परिसर है। आरोप है कि इनमें से भी एक गार्ड शराब पीकर सो जाता है। उन्होंने बताया कि दीपावली के दिन दोपहर करीब 1:30 बजे भी अज्ञात बदमाशों ने कुछ गोदामों में घुसने का प्रयास किया था, लेकिन व्यापारियों की सतर्कता से वे सफल नहीं हो सके। पहले गोदाम क्रमांक 40 के पीछे की दीवार तोड़ी गई थी और बुधवार को फिर उसी स्थान पर दीवार तोड़ने के साथ गोदाम क्रमांक 20 के पीछे की दीवार को भी नुकसान पहुंचाया गया।
पाटीदार ने बताया कि मंडी की वर्तमान बाउंड्रीवॉल करीब 26 साल पुरानी और जर्जर हो चुकी है। व्यापारियों ने प्रशासन से जल्द नई बाउंड्रीवॉल बनवाने की मांग की, ताकि किसानों, व्यापारियों और उनकी उपज की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
नीलामी बंद होने पर किसानों ने हाईवे पर लगाया जाम
मंडी में नीलामी बंद होने से उपज लेकर पहुंचे किसान परेशान हो गए। नीलामी शुरू कराने की मांग को लेकर किसानों ने मंडी चौराहे पर महू-नीमच राजमार्ग पर चक्काजाम कर दिया। करीब आधे घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा। सूचना पर तहसीलदार प्रेमशंकर पटेल और नायब तहसीलदार मनीष पटेल मौके पर पहुंचे। एएसआई आरसी पवार ने किसानों को समझाइश देकर जाम खुलवाया। प्रशासन ने जल्द नीलामी शुरू कराने का भरोसा दिया।
चार बिंदुओं पर लिखित आश्वासन, फिर शुरू हुई नीलामी
इसके बाद नायब तहसीलदार रवि पटेल ने व्यापारियों से चर्चा की। व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग दोहराई। इस पर मंडी सचिव ने लिखित आश्वासन दिया कि चोरी प्रभावित स्थान पर पर्याप्त रोशनी के लिए लाइट लगाई जाएगी, बाउंड्रीवॉल में किए गए छेद की मरम्मत कराई जाएगी, संबंधित गेट पर चौकीदार तैनात कर बैरिकेडिंग की जाएगी तथा दो और अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी। सचिव विश्वास जॉन ने सभी व्यवस्थाएं 18 नवंबर शाम को ही पूरी करने का आश्वासन दिया। लिखित आश्वासन मिलने के बाद व्यापारियों ने नीलामी शुरू करने पर सहमति दी। चोरी की घटनाओं के विरोध और किसानों के चक्काजाम के चलते करीब दो घंटे तक मंडी की नीलामी प्रभावित रही।
नायब तहसीलदार रवि पटेल ने सिक्योरिटी कंपनी को किया तलब
घटना की सूचना पर नायब तहसीलदार रवि पटेल मौके पर पहुंचे व स्थिति को संभालते हुए मंडी सचिव विश्वास जॉन को संबंधित सिक्योरिटी कंपनी को 4:00 बजे मंडी कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए। पटेल द्वारा सभी सुरक्षा गार्ड को सिविल ड्रेस में आने की बजाय निर्धारित ड्रेस कोड में आने के लिए एवं ड्यूटी के समय शराब नहीं पीने के लिए निर्देशित किया। वही मंडी सचिव को सिक्योरिटी गार्ड्स का व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर रात्रि में समय-समय पर सुरक्षा रिपोर्ट व फ़ोटो लेने के लिए भी निर्देशित किया।
26 साल पुरानी बाउंड्रीवॉल बदलने की मांग
व्यापारी संघ के दीपक रातड़िया, अंशुल मेहता, संदीप मोगरा व करणसिंह बानीखेड़ी के अनुसार मंडी की बाउंड्रीवॉल करीब 26 साल पुरानी होकर जर्जर हो चुकी है। कई स्थानों पर दीवार कमजोर है, जिसका फायदा बदमाश उठा रहे हैं। व्यापारियों ने नई बाउंड्रीवॉल बनवाने की मांग की है, ताकि मंडी में आने वाले किसानों, व्यापारियों और कृषि उपज की सुरक्षा हो सके।








