# 13 बच्चों को जन्म दिया, दूध से परिवार को संभाला; भैंस की मौत पर बैंड-बाजे के साथ निकाली अंतिम यात्रा

SHARE:

*कुचड़ौद।* गांव में पशु और पशुपालक के बीच प्रेम, लगाव और आत्मीयता की अनूठी मिसाल देखने को मिली। यहां एक पशुपालक ने अपनी पालतू भैंस की मृत्यु के बाद बैंड-बाजे के साथ उसकी अंतिम यात्रा निकाली। इतना ही नहीं, पूरे हिंदू रीति-रिवाज के साथ अंतिम संस्कार कर उसे जमीन में दफनाया। गांव के इतिहास में पालतू पशु को इस तरह सम्मानपूर्वक विदाई देने का यह पहला मामला बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, गांव के प्रकाश (55) पिता रतनलाल तेली की पालतू भैंस की मृत्यु हो गई थी। भैंस उनके परिवार का अभिन्न हिस्सा बन चुकी थी। ऐसे में उसकी मृत्यु से परिवार भावुक हो गया। प्रकाश ने भैंस को बैंड-बाजे के साथ अंतिम विदाई देने का निर्णय लिया। इसके बाद गांव में बैंड-बाजे के साथ उसकी अंतिम यात्रा निकाली गई। अंतिम यात्रा में गांव के युवा भी शामिल हुए। बाद में गड्ढा खोदकर पूरे रीति-रिवाज के साथ भैंस को दफनाया गया।

*13 बच्चों को जन्म दिया, परिवार की आर्थिक स्थिति भी मजबूत की*

प्रकाश ने बताया कि यह भैंस उनके घर में ही पली-बढ़ी और बड़ी हुई थी। अपने जीवनकाल में उसने 13 बच्चों को जन्म दिया। वह एक समय में करीब 5 लीटर दूध देती थी। उसके दूध और बछड़ों से परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई। भैंस के दूध से न केवल उसके बच्चों, बल्कि परिवार के बच्चों को भी दूध, दही, मक्खन और घी मिलता रहा। धीरे-धीरे वह केवल एक पशु नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य जैसी बन गई थी।

प्रकाश ने बताया कि जिस भैंस ने जीवनभर परिवार को सहारा दिया, उसके जाने पर भी उसे परिवार के सदस्य की तरह सम्मानपूर्वक विदाई देना उनका फर्ज था। इसी भावना के चलते उन्होंने बैंड-बाजे के साथ अंतिम यात्रा निकालकर हिंदू रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार किया।

*पशुधन किसान की आर्थिक मजबूती का आधार*

ग्रामीणों ने बताया कि पशु किसान के लिए केवल दूध का साधन नहीं, बल्कि परिवार की आर्थिक मजबूती का आधार भी होता है। पशुओं से मिलने वाले दूध से आमदनी होती है, वहीं गोबर से जैविक खाद तैयार होती है, जिससे खेतों की उर्वरता और फसल उत्पादन में भी मदद मिलती है। पशुपालक और पशु के बीच वर्षों का अपनापन और विश्वास होता है। कुचड़ौद में भैंस को दी गई यह विदाई पशुओं के प्रति प्रेम, संवेदना और कृतज्ञता की अनूठी मिसाल बन गई।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें