नीमच में चलती बाइक से टायरों पर फेंके जलते पटाखे, चंद मिनटों में दुकान में भड़की भीषण आग

SHARE:

जावद में दिवाली की रात बाइक सवारों ने टायर दुकान पर जलते पटाखे फेंक दिए, जिससे भीषण आग लग गई। 30-40 टायर जलकर राख हो गए, जिसमें दुकानदार का करीब डेढ़ लाख रुपए का नुकसान हुआ है। विक्रम सीमेंट की दमकल ने फोम स्प्रे से आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

मध्य प्रदेश के नीमच जिले के अंतर्गत आने वाले जावद अनुभाग में दिवाली की रात केसरपुरा रोड स्थित फोरलेन हाईवे पर कुछ शरारती तत्वों की हरकत से एक टायर पंचर की दुकान में भीषण आग लग गई। रबर के टायरों में लगी ये आग इतनी भयावह थी कि, सामान्य पानी से इसका बुझना नामुमकिन हो गया, लेकिन मौके पर पहुंची विक्रम सीमेंट की दमकल टीम ने अपनी सूझबूझ और आधुनिक फोम सिस्टम की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इस आगजनी में दुकानदार को करीब डेढ़ लाख रुपए का नुकसान हुआ है।

चलती बाइक से फेंके पटाखे
बताया जा रहा है कि, फोरलेन हाईवे पर होटल जाटश्री के पास मुकेश मेघवाल की टायर पंचर की दुकान है, जहां 30 से 40 पुराने टायर रखे हुए थे। दिवाली की रात अज्ञात बाइक सवार शरारती तत्वों ने दुकान के बाहर रखे टायरों पर जलते हुए पटाखे फेंक दिए और फरार हो गए। रबर होने के कारण आग ने तुरंत विकराल रूप ले लिया और आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई।
सामान्य पानी हुआ बेअसर
घटना की सूचना मिलते ही नयागांव नगर परिषद की दमकल मौके पर पहुंची, लेकिन टायरों की आग पर सामान्य पानी का कोई असर नहीं हो रहा था और लपटें लगातार बढ़ती जा रही थीं। ऐसे नाजुक समय में विक्रम सीमेंट (खोर) की फायर ब्रिगेड ने मोर्चा संभाला।

हो सकता था बड़ा हादसा
विक्रम सीमेंट के प्रशिक्षित दमकल कर्मियों ने तुरंत स्थिति को भांपते हुए केमिकल और फोम (झाग) का प्रेशर से छिड़काव शुरू किया। चूंकि रबर और तेल की आग को केवल फोम से ही दबाया जा सकता है, इसलिए विक्रम सीमेंट की दमकल के इस त्वरित और सटीक प्रयास से ही इस भीषण आग को बुझाने में सफलता मिली। स्थानीय लोगों का कहना है कि, अगर समय रहते विक्रम सीमेंट की हाई-टेक दमकल मौके पर नहीं पहुंचती, तो आग आसपास के क्षेत्र और होटल तक फैल सकती थी, जिससे कोई बड़ा हादसा हो सकता था।

आरोपियों की तलाश जारी
आग पर काबू पाने तक दुकान के बाहर रखे 30 से 40 टायर और अन्य सामान जलकर खाक हो चुके थे, जिससे पीड़ित मुकेश मेघवाल को लगभग 1.5 लाख रुपये की चपत लगी है। क्षेत्रवासियों ने विक्रम सीमेंट के दमकल कर्मियों की सराहना की है और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि हाईवे के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पटाखे फेंकने वाले शरारती तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें